सुभाष पार्क में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा- योग स्वस्थ जीवन का आधार
बिहारशरीफ, संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को बिहारशरीफ के सुभाष पार्क में “योग महोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहारशरीफ के विधायक डॉ. सुनील कुमार उपस्थित हुए। योग दिवस को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि आज विश्व के 190 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। यह भारत की प्राचीन परंपरा और संस्कृति की वैश्विक स्वीकृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि योग अब केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह विश्वव्यापी उत्सव बन चुका है और करोड़ों लोगों के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया है।
उन्होंने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाता है। नियमित योगाभ्यास से न केवल मांसपेशियां मजबूत होती हैं, बल्कि शरीर के सभी अंगों का समुचित विकास होता है। योग व्यक्ति को तनाव, चिंता और विभिन्न बीमारियों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विधायक ने कहा कि देश की अधिकांश आबादी ने योग को अपनाया है और यह अब जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने बिहारशरीफ, नालंदा, बिहार एवं देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से नियमित योग करने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। आज पूरा विश्व योग के महत्व को समझ रहा है और इसे स्वस्थ जीवन का माध्यम मानकर अपना रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न अनेक शारीरिक और मानसिक समस्याओं का समाधान योग में निहित है।
उन्होंने लोगों से “योग करें, निरोग रहें” के संदेश को अपनाने और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
योग महोत्सव में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन और योग के महत्व पर चर्चा के साथ हुआ।
