राजकीय राजगीर मलमास मेला 2026 की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया देर रात निरीक्षण, सुरक्षा व श्रद्धालु सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

0
IMG-20260608-WA0014

कुंदन कुमार, जिला पदाधिकारी, नालंदा एवं भारत सोनी, पुलिस अधीक्षक, नालंदा द्वारा देर रात्रि तक संपूर्ण मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन तथा विधि-व्यवस्था संधारण से संबंधित कार्यों का गहनता से जायजा लिया गया।

जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय ने मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रवेश एवं निकास द्वारों, प्रमुख धार्मिक स्थलों, श्रद्धालुओं के आवागमन मार्गों, पार्किंग स्थलों, नियंत्रण कक्ष, अस्थायी शिविरों, बैरिकेडिंग व्यवस्था तथा संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण किया जाए।

1001504837 edited

“मलमास मेला के अवसर पर जिला पदाधिकारी महोदय ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय टीमों की तैनाती, दवा एवं एम्बुलेंस व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।”

निरीक्षण के क्रम में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (Public Address System) के प्रभावी संचालन तथा भीड़ नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने एवं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (Quick Response Team) को सक्रिय रखने पर बल दिया गया।

मेला अवधि में संभावित यातायात दबाव को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों, पार्किंग प्रबंधन, यातायात संकेतकों तथा वाहन संचालन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए । श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की व्यापक योजना तैयार किए गए हैं ।
जिला पदाधिकारी महोदय ने प्रतिनियुक्त संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि राजकीय राजगीर मलमास मेला बिहार की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें देश-विदेश एवं अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ करें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेला क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को सजग एवं सक्रिय रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा राजकीय राजगीर मलमास मेला 2026 के सफल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन हेतु सभी आवश्यक कार्य युद्धस्तर पर नियमित रूप से किया जा रहा हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता , विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा , अनुमंडल पदाधिकारी , अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी , मेला में प्रतिनियुक्त संबंधित पदाधिकारी, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित कर्मी गण उपस्थित थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *