आहर के पास मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

0

दोस्त पर पत्नी ने लगाया घर से बुलाकर ले जाने का आरोप, एफएसएल टीम जांच में जुटी

गुड्डू कुमार की रिपोर्ट,

इसलामपुर (नालंदा)। इसलामपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणी मलहविगहा मोहल्ला के केवई रोड स्थित कलह आहर के पास से पुलिस ने रविवार को एक 25 वर्षीय युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान नगर के वार्ड संख्या 20, दक्षिणी मलहविगहा निवासी मो. शमीम उर्फ फेंकू मियां के पुत्र मो. फैजान के रूप में की गई है।

घटना के संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि केवई रोड स्थित कलह आहर के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने प्रथम दृष्टया युवक की हत्या की आशंका जताई है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इधर मृतक की पत्नी मेहरू निशा ने रोते हुए बताया कि उनके पति मो. फैजान इसलामपुर बाजार में सब्जी और फल बेचने का काम करते थे। शनिवार की शाम वह घर पर ही थे। उसी दौरान मलहविगहा का ही रहने वाला उनका एक दोस्त घर आया और फैजान को अपने साथ बुलाकर ले गया।

पत्नी के अनुसार रात में जब फैजान वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। रविवार को उन्हें सूचना मिली कि कलह आहर के पास उनके पति का शव बरामद हुआ है।

मृतक की पत्नी ने पति के दोस्तों पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *