प्रजापति समाज की बैठक में भवन निर्माण कार्य तेज करने पर जोर
नालंदा। बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति, नालंदा जिला के तत्वावधान में वेयवानी गांव स्थित निर्माणाधीन भवन स्थल पर प्रजापति समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के विभिन्न सदस्यों ने भाग लिया और भवन निर्माण कार्य की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सभी सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे तथा निर्णय लिया गया कि भवन निर्माण कार्य को गति देते हुए इसे जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। इसके लिए पूरे जिले में प्रजापति समाज के लोगों से संपर्क अभियान चलाकर समाज को एकजुट करने और सहयोग स्वरूप चंदा एकत्र करने पर भी सहमति बनी।
इस दौरान जिला अध्यक्ष सुबोध पंडित ने कहा कि बहुत जल्द ही जिले के सभी प्रखंडों में बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि समाज के लोगों को एकजुट कर भवन निर्माण कार्य को गति दी जा सके। वहीं जिला सचिव संजीव कुमार बिट्टू ने बताया कि जिला कोर कमिटी का गठन कर दिया गया है, जो संगठन को मजबूत करने का कार्य करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि समिति के ऊपर गलत टिप्पणी करने वाले व्यक्ति कोअनुशासनहीनता के आरोप में जिला कार्यकारिणी से बाहर कर दिया गया है।
बैठक में प्रजापति समाज की महिला जिला उपाध्यक्ष पिंकी देवी, जिला युवा अध्यक्ष प्रवेश कुमार पंडित, जिला संरक्षक मंगल पंडित, नगर अध्यक्ष दिनेश पंडित, जिला कोषाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार, ललित गिरी, चन्द्रशेखर पंडित, अशोक पंडित, सुनील पंडित राजकुमार पंडित, सुजीत पंडित सहित समाज के दर्जनों लोग उपस्थित थे।
