नालंदा में पर्व-त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
ईद, रामनवमी और छठ से पहले नालंदा प्रशासन सतर्क, शहर में 574 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट,
बिहार शरीफ (नालंदा ) कुन्दन कुमार, जिला पदाधिकारी नालंदा एवं भारत सोनी , पुलिस अधीक्षक, नालंदा की संयुक्त अध्यक्षता में जिले भर में आगामी पर्व-त्योहारों ईद-उल-फितर, चिरागा मेला (चादर जुलूस), रामनवमी, चैती छठ पूजा एवं महावीर जयंती के अवसर पर विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
समीक्षा के क्रम में आगामी पर्व त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

प्रमुख पर्व-त्योहारों की निर्धारित तिथियाँ।
ईद-उल-फितर: 20 मार्च से 21 मार्च 2026 चैती छठ पूजा: 22 मार्च से 25 मार्च 2026 चिरागा मेला / चादर जुलूस: 23 मार्च से 02 अप्रैल 2026 रामनवमी: 27 मार्च से 28 मार्च 2026 महावीर जयंती: 30 मार्च से 31 मार्च 2026
पर्व-त्योहारों के अवसर पर जिले के संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
ईद एवं रामनवमी के अवसर पर भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ वाहन गश्ती दल एवं पैदल गश्ती दल भी सक्रिय रहेंगे। जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुरूप ही लाइसेंस की अनुमति प्रदान की जाएगी। बिना लाइसेंस के किसी प्रकार का जुलूस पर पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे । प्रत्येक 200 व्यक्तियों पर 1 अनुज्ञप्ति जारी की जाएगी।

जुलूस आयोजकों से पहचान पत्र एवं आवश्यक विवरण प्राप्त किए जाएंगे। किसी भी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति को जुलूस में वालंटियर्स अथवा आयोजक नहीं बनाया जाएगा।
चैती छठ पूजा के अवसर पर जिले के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था इन सभी व्यवस्थाओं के लिए संबंधित नगर निकायों एवं विभागों को निर्देशित किया गया है।
शहर में सीसीटीवी से निगरानी
बिहारशरीफ, हिलसा तथा राजगीर अनुमंडल के विभिन्न घाटों पर प्रशासन द्वारा विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकतानुसार सुरक्षा बल की तैनाती की जाएगी।
नगर निगम बिहारशरीफ द्वारा शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक कदम उठाए गए हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर कुल 574 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिसमें 494 कैमरे स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत तथा 80 कैमरे नगर निगम द्वारा लगाए गए हैं।
बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में चयनित स्थानों पर जनरेटर के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
स्वच्छता एवं प्रकाश व्यवस्था सभी नगर निकायों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थित मंदिरों, ईदगाहों तथा अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करें।
नगर निगम एवं संबंधित विद्युत एजेंसियां मिलकर इन स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश एवं बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
चिरागा मेला को लेकर विशेष तैयारी
चिरागा मेला के अवसर पर भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। बिहारशरीफ अनुमंडल में 55 स्थानों पर प्रतिनियुक्ति 26 वाहन गश्ती दल 54 पैदल गश्ती दल तैनात किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफर की प्रतिनियुक्ति भी सुनिश्चित की जाएगी साथ ही ड्रोन कैमरा के माध्यम से मुख्य मार्गों के सड़को/ छतों पर ईंट, पत्थर की साफ सफाई हेतु संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए ।
आगामी पर्व-त्योहारों की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा लॉज, धर्मशाला, होटल, गेस्ट हाउस एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की नियमित जांच कराने का निर्देश दिया गया है। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इन स्थानों का लगातार निरीक्षण एवं निगरानी सुनिश्चित करेंगे।
डीजे, हथियार और भड़काऊ भाषण पर प्रतिबंध
पुलिस अधीक्षक महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी पर्व त्यौहार आपसी भाईचारा, हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए , सभी थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक सुनिश्चित की जाए । निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पर्व त्यौहार के अवसर पर मानक प्रक्रिया के अनुसार डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे, नियंत्रण का संपूर्ण क्षेत्र में निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, जुलूस में किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र, तलवार ,हथियार आदि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। किसी प्रकार की जुलूस निर्धारित रूट मार्ग से ले जाएंगे । लाइसेंस निर्गत करते समय शर्तों का वाचन हर हाल में सुनिश्चित करेंगे । अश्लील गाने, भड़काऊ भाषण, गाने पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि संबंधित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहकर हालात को नियंत्रण में रखेंगे । सोशल मीडिया पर गलत अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे ।
जिलाधिकारी महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि जिलेभर में पर्व-त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं , आगामी पर्व त्योहारों पर विधि व्यवस्था हर हाल में सुदृढ़ रखेंगे तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करेंगे। किसी भी प्रकार की ग़लत अफवाह या असामाजिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को तुरंत सूचित करेंगे।
निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि शहर भर के मुख्य चौक चौराहों अथवा इंट्री गेट पर ड्रॉप गेट लगाकर रोको टोको अभियान के तहत वाहनों, लहरिया बाइकर्स की फ्रीस्किंग हर हाल में सुनिश्चित करेंगे, साथ ही रात्रि प्रहर में विशेष चौकसी बरतेंगे । पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च नियमित रूप से सुनिश्चित करेंगे, बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार के जुलूस प्रतिबंधित रहेगा ,सभी मूर्ति पूजन एवं जुलूस के लिए शत प्रतिशत लाइसेंस निर्गत करेंगे साथ ही पूजा समिति के वॉलिंटियर्स, सदस्यों के साथ शर्तों का वाचन करेंगे, इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पर्व त्यौहार के अवसर पर डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे , भड़काऊ गाने, भाषण पर पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा ,जुलूस का स्टॉप पॉइंट को चिन्हित करेंगे ताकि एक दूसरे संप्रदाय की भावना को आहत न पहुंचे । इसका विशेष ख्याल रखा जाए । छोटी सी छोटी अप्रिय घटना की सूचना प्रशासन तक तुरंत पहुंचना सुनिश्चित करेंगे । निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि चैती छठ पूजा के अवसर पर छठ घाटों पर गहरे पानी, खतरनाक घाटों को चिन्हित कर बैरिकेडिंग, लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे साथ ही एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर ,बड़ा रास्सा, लाइफगार्ड की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करेंगे । पर्व त्योहारों के अवसर पर सीसीटीवी कैमरे हर हाल में क्रियाशील रखेंगे, जुलूसों का वीडियोग्राफी शत प्रतिशत सुनिश्चित करेंगे । निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे , पूजा समिति, पंडाल के प्रभारी को संपूर्ण सुरक्षा की जिम्मेवारी से अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे ।
जिलाधिकारी महोदय ने सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी पर्व त्योहारों के अवसर पर साफ-सफाई, पेयजल,अस्थाई शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, कहीं भी किसी प्रकार की कमी न रहे ,इस बात का विशेष ख्याल रखेंगे ।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सहायक प्रशिक्षु समाहर्ता,अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, अपर समाहर्ता विभागीय जांच , सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी , विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, थाना अध्यक्ष सहित संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता आदि इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे ।
