महिला कबड्डी लीग में इनामी राशि बढ़ी, विजेता टीम को मिलेंगे 6.5 लाख रुपये

0
IMG-20260312-WA0081

दूसरे दिन सिवान और मगध का दबदबा, सारण ने भी दर्ज की शानदार जीत

रानी सिन्हा की रिपोर्ट, पटना (बिहार) । राज्य में महिला खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग 2026 में इस बार पुरस्कार राशि में बड़ा इजाफा किया गया है। 11 से 17 मार्च तक पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में चल रही इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को अब 1.5 लाख रुपये की जगह 6.5 लाख रुपये, उपविजेता को 3.5 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 2.5 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि पिछले संस्करण में विजेता टीम को 1.5 लाख, उपविजेता को 75 हजार और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 हजार रुपये दिए गए थे। लेकिन प्रतियोगिता की बढ़ती लोकप्रियता और महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए इस बार पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि का निर्णय लिया गया है।

1001311965

उन्होंने बताया कि पिछले संस्करण में विजेता टीम के खिलाड़ियों को प्रति खिलाड़ी लगभग 8,800 रुपये मिलते थे, जबकि अब यह राशि बढ़कर करीब 38 हजार रुपये हो जाएगी। इसी प्रकार उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पहले करीब 4,400 रुपये मिलते थे, जो अब बढ़कर लगभग 20,588 रुपये हो जाएंगे। वहीं तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम के खिलाड़ियों को पहले करीब 2,900 रुपये मिलते थे, जो अब बढ़कर करीब 14,700 रुपये हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय महिला कबड्डी खिलाड़ियों के लिए काफी प्रोत्साहन देने वाला साबित होगा और राज्य में महिला खेलों के विकास को नई गति मिलेगी।

इधर, प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में सिवान टाइटंस और मगध वॉरियर्स का दबदबा देखने को मिला, जबकि सारण स्ट्राइकर्स ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

1001311969

पहले मुकाबले में सिवान टाइटंस ने सीतामढ़ी सेंटिनल्स को 40-25 अंकों से हराया। इस मैच में सिवान की इंदु कुमारी को बेस्ट रेडर और सीतामढ़ी की आयुषी कुमारी को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।

दूसरे मुकाबले में सारण स्ट्राइकर्स ने पटना पेलिकन्स को 43-18 से पराजित किया। इस मैच में मुस्कान को बेस्ट रेडर और अनुष्का को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार मिला।

तीसरे मुकाबले में मगध वॉरियर्स ने नालंदा निंजास को 34-21 से हराया। इस मैच में नालंदा की प्रतिभा कुमारी बेस्ट रेडर और मगध की नैंसी प्रिया बेस्ट डिफेंडर रहीं।

इसके बाद खेले गए मुकाबले में सिवान टाइटंस ने पटना पेलिकन्स को 48-20 से हराकर एक और जीत दर्ज की। इस मैच में इंदु कुमारी को बेस्ट रेडर और पटना की अंकु कुमारी को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।

दिन के अंतिम मुकाबले में मगध वॉरियर्स ने सीतामढ़ी सेंटिनल्स को 36-18 से पराजित किया। इस मैच में मगध की नैंसी प्रिया को बेस्ट रेडर और सीतामढ़ी की ऋचा कुमारी को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार दिया गया।

लगातार रोमांचक मुकाबलों के कारण प्रतियोगिता में खेल प्रेमियों की उत्साहजनक उपस्थिति भी देखने को मिल रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *