हरनौत प्रखंड क्षेत्र में बढ़ा मच्छरों का प्रकोप, दवा छिड़काव और नाले की सफाई की उठ रही है मांग
राकेश कुमार की रिपोर्ट,
हरनौत प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। शाम होते ही गांव और मोहल्लों में मच्छरों की भरमार हो जाती है, जिसके कारण लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। मच्छरों के कारण लोगों की नींद हराम हो गई है और कई लोग बीमारी फैलने की आशंका से भी चिंतित हैं। ग्रामीण लक्ष्मण कुमार, गौतम कुमार,अजय कुमार, मंटू कुमार, गोपाल कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों ने बुधवार को बताया प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायत के गांव में पिछले कई महीनों से लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत सफाई कर्मियों के द्वारा नियमित रूप से कचरा का उठाव नहीं किया जा रहा है। जिसके वजह से गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कई जगहों पर नालियां जाम पड़ी हैं और उनमें गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे मच्छरों का प्रजनन तेजी से बढ़ रहा है। कई ग्रामीणों ने बताया कि अगर समय रहते सफाई और दवा का छिड़काव नहीं कराया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। वहीं हरनौत नगर पंचायत के विभिन्न वार्ड में नाला का जमा पानी रहने की वजह से मच्छरों का आतंक बढ़ता चला जा रहा है। और घरों में रहने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रखंड प्रशासन और नगर पंचायत से जल्द से जल्द मच्छर मारने वाली दवा का छिड़काव कराने तथा नालियों की सफाई कराकर गंदे स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर डलवाने की मांग की है, ताकि लोगों को मच्छरों के प्रकोप से राहत मिल सके। वही हरनाथ नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सौरव सुमन और मुख्य पार्षद प्रतिनिधि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह ने बताया कि एक-दो दिन के अंदर नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्ड में मच्छर भगाने वाली दवा का छिड़काव किया जाएगा।
