गैस की किल्लत और कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग

0
Screenshot_20260312_035304_WhatsApp

प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,

बेतिया (पश्चिम चंपारण)। जिले में इन दिनों रसोई गैस की कथित कमी को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। आम लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर लेने के लिए उन्हें गैस एजेंसियों के बाहर घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। लोग अपने काम-धंधे छोड़कर दिनभर गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं, जिससे काफी परेशानी हो रही है।

लोगों का आरोप है कि एक ओर सरकार यह दावा कर रही है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी ओर गैस एजेंसियों द्वारा सीमित मात्रा में गैस आने की बात कहकर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। इसके अलावा होम डिलीवरी के नाम पर गैस वेंडरों द्वारा लगभग 50 रुपये अतिरिक्त वसूली किए जाने की भी शिकायतें सामने आ रही हैं।

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि कुछ जगहों पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है और एक सिलेंडर 1500 रुपये तक में बेचा जा रहा है। इससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

इसी मुद्दे को उठाते हुए लोक जनशक्ति पार्टी के जिला महासचिव सह पूर्व नगर अध्यक्ष रविंद्र कुमार ठाकुर ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि गैस की कालाबाजारी और अतिरिक्त वसूली पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।

उन्होंने बिहार सरकार, जिले के सांसद और विधायकों के साथ-साथ जिलाधिकारी से मांग की है कि इस मामले की जांच कराई जाए और गैस की कालाबाजारी तथा होम डिलीवरी के नाम पर अतिरिक्त वसूली करने वाले वेंडरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

रविंद्र कुमार ठाकुर ने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता पर इस तरह की अवैध वसूली और गैस की कालाबाजारी का बोझ डालना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *