रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा साप्ताहिक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 150 मरीजों का हुआ उपचार
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ। रविवार को श्रम कल्याण केंद्र मैदान स्थित विस्तारित भवन में Indian Red Cross Society, जिला शाखा नालंदा द्वारा साप्ताहिक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से आए जरूरतमंद एवं निसहाय लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क परामर्श और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। इस दौरान कुल लगभग 150 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम बिहारी ने 46 बच्चों की जांच की। फिजिशियन डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. उमेश कुमार सिंह एवं डॉ. वीरेंद्र कुमार ने 40 मरीजों को परामर्श दिया। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि कुमार ने 10 लोगों का उपचार किया, जबकि फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. मोहम्मद शहजाद आलम ने 20 मरीजों की जांच की। होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार एवं डॉ. रितेश कुमार ने 21 मरीजों को चिकित्सा परामर्श प्रदान किया। इसके अतिरिक्त 25 लोगों की मधुमेह (डायबिटीज) की जांच भी की गई। ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने भी जरूरतमंद मरीजों की जांच कर मार्गदर्शन दिया।
शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उनके लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष अरविंद पंडित सहित आजीवन सदस्यों प्रमोद पंडित, नागेंद्र कुमार, बृज बिहारी, राकेश कुमार पंकज, प्रोफेसर स्वधर्म कुमार, डॉ. सम मुजफ्फर जमाल, साधु शरण प्रसाद, आकाश रोशन, एएनएम मुस्कान कुमारी, रागिनी कुमारी, कुणाल गौरव, अरुण कुमार एवं संजय कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सदस्यों ने मरीजों के पंजीकरण, कतार प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया। रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से बताया गया कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को इसका लाभ मिल सके।
