नालंदा में पूर्व मुखिया के बंद घर से चोरी

0
IMG-20260211-WA0032

आस्थावां, नालंदा। जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर गांव में चोरों ने पूर्व मुखिया के बंद घर को निशाना बनाते हुए जेवरात और नकदी की चोरी कर ली।

जानकारी के अनुसार, महमदपुर पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय अनिल कुमार के पैतृक घर में चोरी की यह वारदात हुई है।

पुण्यतिथि के बाद खाली था घर

पूर्व मुखिया के पुत्र अविनाश कुमार ने बताया कि 30 जनवरी को उनके पिता की पुण्यतिथि थी। इस मौके पर पूरा परिवार 29 जनवरी को गांव आया था। 31 जनवरी को पूजा-पाठ के बाद दोपहर करीब एक बजे सभी लोग बिहारशरीफ स्थित अपने आवास लौट गए, जिससे घर खाली हो गया। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।

चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और चोरी के बाद अपना नया ताला लगा दिया, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि भागने के दौरान वे छत का दरवाजा खुला छोड़ गए। इसे देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ और परिवार को सूचना दी गई।

परिवार की सदस्य रीना सिन्हा और अनुराधा कुमारी ने बताया कि गोदरेज अलमारी तोड़कर जेवरात और कीमती सामान चोरी कर लिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया गया है।

थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *