अखिल विश्व गायत्री परिवार ने बड़गांव तलाव को हरा-भरा बनाने का लिया संकल्प, श्रमदान, स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान चलाकर की साफ-सफाई
अमर वर्मा की रिपोर्ट, नालंदा। अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल नालंदा स्थित बड़गांव तलाव के किनारे गायत्री मंदिर के समीप अखिल विश्व गायत्री परिवार, नालंदा की ओर से श्रमदान, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तलाव के आसपास फैली गंदगी की साफ-सफाई की तथा किनारों पर पौधारोपण कर क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
पौधों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बांस और जाली से घेराबंदी की गई, ताकि उनका संरक्षण सुनिश्चित हो सके। पर्यावरण सह-संयोजक विनायक ने बताया कि यह अभियान पूरे जिले में नियमित रूप से साप्ताहिक तौर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम शांतिकुंज, हरिद्वार द्वारा संचालित वृक्षारोपण आंदोलनों से प्रेरित है।
मौके पर उपस्थित नगर पंचायत नालंदा, सिलाव-राजगीर के ब्रांड एंबेसडर व गायक भैया अजीत ने गायत्री परिवार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण लोकहित का कार्य है, जिसमें सभी लोगों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल ने हमें पेड़ों के महत्व का एहसास कराया है। यदि इसी तरह पेड़ों की कटाई जारी रही तो भविष्य में ऑक्सीजन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करना चाहिए।
अभियान में अजय कुमार, गायत्री, मिथिलेश कुमार विद्यार्थी, अनुज कुमार, देवानंद, सत्येंद्र समेत जिले भर से लगभग 40 कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
