पावापुरी स्कूल में 14 वर्षीय छात्रा की अचानक मौत, परिजनों का हंगामा, जांच में जुटी पुलिस

0
Screenshot_20260204_060229_WhatsApp

पावापुरी (नालंदा)। पावापुरी स्थित तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर (टीएमवीएम) में पढ़ने वाली आठवीं कक्षा की 14 वर्षीय छात्रा कृति कुमारी की मंगलवार को विद्यालय आने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और मृतका के परिजनों में आक्रोश का माहौल है।

मृतका सरबहदा थाना क्षेत्र के सरबहदा गांव की निवासी थी और वर्तमान में अपने मौसा यदुनंदन प्रसाद के घर, बराकर थाना (राजगीर) में रहकर प्रतिदिन विद्यालय बस से स्कूल आती-जाती थी। मंगलवार सुबह भी वह रोज की तरह बस से विद्यालय के लिए निकली थी।

1001230958

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, बस में ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। स्थिति गंभीर देख तत्काल उसे पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इधर, परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कृति सुरक्षित रूप से स्कूल पहुंच गई थी और उसकी मौत स्कूल परिसर में ही हो चुकी थी। वहीं विद्यालय प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि छात्रा को अचानक उल्टी-दस्त की समस्या हुई थी।

बस चालक मुकेश सिंह ने बताया कि बस से उतरने के बाद कृति को उल्टी हुई थी। तबीयत बिगड़ने पर स्कूल प्रशासन ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी और अस्पताल ले जाया गया। दुर्गापुर गांव निवासी राकेश कुमार ने दावा किया कि बच्ची अचेत अवस्था में थी और उसकी हालत पहले से गंभीर थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजगीर थाना अध्यक्ष रमन कुमार अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं दोपहर करीब 2:30 बजे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया है।

विद्यालय प्राचार्य कौशल किशोर कौशिक ने बताया कि विद्यालय में उपस्थिति का समय सुबह 8:20 बजे है। सूचना मिलने पर छात्रा को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया और परिजनों को मोबाइल से जानकारी दी गई।

पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *