नालंदा में खुरपका–मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू, 4.85 लाख पशुओं को लगेगा मुफ्त टीका, मेयर अनिता देवी ने किया शुभारंभ, पशुपालकों से टीकाकरण कराने की अपील
बिहारशरीफ। जिले में पशुओं को खुरपका–मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाने के उद्देश्य से सोमवार, 2 फरवरी 2026 को जिला स्तरीय टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत चार माह से अधिक आयु के गोवंश एवं भैंस जाति के पशुओं को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।
जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम बिहारशरीफ की मेयर श्रीमती अनिता देवी ने जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में किया। उद्घाटन के दौरान स्थल पर ही कई गायों का टीकाकरण किया गया। साथ ही जिन पशुओं में पूर्व से पहचान टैग नहीं लगा था, उन्हें टैग भी लगाया गया।

4.85 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य
जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि भारत सरकार की इस योजना का संचालन बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के पशुपालन निदेशालय के सहयोग से किया जा रहा है। पहले चरण में नालंदा सहित कई जिलों में अभियान शुरू हुआ है। जिले में कुल 4 लाख 85 हजार 100 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि जिन पशुओं को पहली बार टीका लगाया जाएगा, उन्हें एक माह बाद बूस्टर डोज भी दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक पशु को पहचान के लिए टैग लगाया जाएगा, जो पशु के आधार कार्ड की तरह कार्य करेगा।
पशुपालकों से सहयोग की अपील
मेयर अनिता देवी ने जनप्रतिनिधियों और पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं, ताकि कोई भी पशु इस गंभीर बीमारी से प्रभावित न हो।
कार्यक्रम में डॉ. सुबोध सक्सेना (जिला नोडल पदाधिकारी, टीकाकरण), डॉ. अविनाश चंद्रा (जिला नोडल पदाधिकारी, राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम) सहित टीकाकर्मी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
