राजगीर कन्वेंशन हॉल में महा डाक चौपाल का भव्य आयोजन, चीफ पोस्टमास्टर जनरल एम. यू. अब्दाली रहे मुख्य अतिथि, नालंदा डाक मंडल पूरे बिहार में अव्वल

0
IMG-20260131-WA0064

रानी सिन्हा | राजगीर (नालंदा)

भारतीय डाक विभाग की ओर से शनिवार को राजगीर कन्वेंशन हॉल में महा डाक चौपाल का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिहार सर्किल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल श्री एम. यू. अब्दाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य डाक विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाना तथा डाक सेवाओं को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अब्दाली ने कहा कि डाक विभाग आज केवल पत्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि वित्तीय समावेशन और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बना रहा है। उन्होंने बताया कि महा डाक चौपाल के जरिए लोगों को डाक जीवन बीमा (PLI), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB), आधार सेवाएं, सुकन्या समृद्धि योजना एवं विभिन्न बचत योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। भारतीय डाक विभाग आज विश्वास, सुरक्षा और पारदर्शिता का प्रतीक बन चुका है।

1001222519

डाक अधीक्षक श्री कुंदन कुमार ने कहा कि महा डाक चौपाल जनता और डाक विभाग के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच है। यहां एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी, खाता खोलने, बीमा, बैंकिंग और आधार सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस अवसर पर पावापुरी स्थित आशापुरी मंदिर के नाम पर एक विशेष आवरण (स्पेशल कवर) जारी किया गया। इसका कैंसिलेशन चीफ पोस्टमास्टर जनरल द्वारा किया गया। यह स्पेशल कवर फिलैटली प्रेमियों एवं डाक संग्रहकर्ताओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

अभियान के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धियां भी दर्ज की गईं। डाक बचत बैंक (POSB) के तहत एक लाख से अधिक नए खाते खोले गए। वहीं 44 विभिन्न स्थानों पर डाक चौपाल एवं आधार कैंप लगाए गए, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को आधार संबंधित सेवाओं का लाभ मिला।

1001222522

डाक जीवन बीमा (PLI) के अंतर्गत ₹1 करोड़ 27 लाख का प्रीमियम संग्रह किया गया तथा 695 नई बीमा पॉलिसियां जारी की गईं। इसके साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना के 450 नए खाते खोले गए।

नालंदा डाक मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खाता खोलने के क्षेत्र में पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल किया तथा निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया। इस उपलब्धि पर डाक अधीक्षक श्री कुंदन कुमार को मुख्य डाक महाध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया।

दक्षिणी एवं उत्तरी अनुमंडल के डाक निरीक्षक रामाशीष कुमार और विकास राय को भी लक्ष्य प्राप्ति के लिए सम्मानित किया गया। राज्य स्तर पर इस्लामपुर प्रथम, हरनौत द्वितीय और अस्थावां तृतीय स्थान पर रहे। सब-डिवीजन स्तर पर साउथ सब-डिवीजन प्रथम तथा नॉर्थ सब-डिवीजन द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं मुरगवां और बड़गांव शाखा डाकपालों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर PLI, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक एवं आधार सेवाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई, जहां लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और मौके पर ही सेवाओं का लाभ लेने का अवसर मिला।

महा डाक चौपाल के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 150 से अधिक डाक कर्मियों को सम्मानित किया गया, जिससे कर्मचारियों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ।

कार्यक्रम में डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। बिहार सर्किल के सहायक निदेशक श्री शम्भू कुमार, श्री राजीव कुमार और श्री राजेश कुमार ने भी कर्मचारियों को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *