“प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर चलेगा सेवा पखवाड़ा सह जनसंपर्क अभियान, घर-घर जाएंगे भाजपा कार्यकर्ता”

0
IMG-20250907-WA0041

बिहारशरीफ़ (नालंदा) : भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से लेकर 02 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा सह जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को बताएंगे और विभिन्न सेवा कार्यों में हिस्सा लेंगे।

भाजपा नालंदा जिला कार्यालय में रविवार को आयोजित कार्यशाला में इस अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विधान पार्षद निवेदिता सिंह मौजूद रहीं। मौके पर क्षेत्रीय सह प्रभारी जितेन्द्र नीरज और जिला प्रभारी संजय कुमार मुन्ना भी उपस्थित थे।

निवेदिता सिंह ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता राष्ट्रहित और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की भावना से ओत-प्रोत होकर काम करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों की प्रचंड विजय सुनिश्चित करने के लिए जी-जान से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने बिहार को नई दिशा दी है और इसे जनता तक पहुँचाना जरूरी है।

अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर कई सेवा कार्यक्रम चलाएंगे, जिनमें “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई एवं माल्यार्पण, पुष्पांजलि कार्यक्रम और ईडीटीवी पर प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित फिल्म “चलो जीते हैं” का प्रदर्शन शामिल है।

क्षेत्रीय सह प्रभारी जितेन्द्र नीरज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, वे सिर्फ जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां प्रधानमंत्री मोदी मां के नाम पर पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं, वहीं विपक्ष प्रधानमंत्री की मां को अपशब्द कहने से नहीं चूकता।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष अर्जुन विश्वकर्मा, प्रो. रामसागर सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश्वर प्रसाद सिंह, जिला महामंत्री विरेन्द्र गोप, जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, डॉ. आशुतोष कुमार, शैलेन्द्र कुमार, साबो देवी, नीरज कुमार डब्ल्यू, अमरेश कुमार, योगेन्द्र मंडल, प्रफ्फुल पटेल, सोनू कुमार हिंदू, रीना कुमारी, सीमा चौधरी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास कुमार, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष सौरव जैन, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास कुमार चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि सेवा पखवाड़ा सह जनसंपर्क अभियान जनता से जुड़ने और केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का बड़ा माध्यम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!