तलाक के बाद साइबर ठग सरगना बनी सानिया: 4 करोड़ की ठगी, गोपालगंज से गिरफ्तार

महाराष्ट्र पुलिस ने बिहार के गोपालगंज जिले से साइबर ठग सानिया उर्फ गुड़िया सिद्दीकी को गिरफ्तार किया है। सानिया पर पुणे के एक कारोबारी से 4 करोड़ 6 लाख रुपये ठगने का आरोप है। पुलिस ने स्थानीय थाना पुलिस के सहयोग से थावे थाना क्षेत्र के लोहरपट्टी गांव में छापेमारी कर उसे पकड़ा।
शातिर ठग है सानिया
पुलिस के मुताबिक, सानिया बेहद शातिर अपराधी है। वह अलग-अलग नामों जैसे सानिया, गुड़िया और सोफिया का इस्तेमाल करती थी और ठगी के बाद हरियाणा, बिहार समेत कई राज्यों में अपना ठिकाना बदल लेती थी।

शादी के बाद ठगी की दुनिया में आई
पुलिस ने बताया कि सानिया की शादी सीवान जिले के नुरुहाता गांव में हुई थी। हालांकि, पति से तलाक के बाद उसने साइबर ठगी का रास्ता अपना लिया और बड़ी-बड़ी ठगी की वारदातों को अंजाम देने लगी।
पहली गिरफ्तारी के बाद ट्रेन से हुई थी फरार
पुणे की न्याति इंजीनियर्स एंड कंसल्टेंट्स कंपनी के बैंक अकाउंट से सानिया ने 4 करोड़ 6 लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में कंपनी के जीएम सागर जयंतीलाल बोरा ने पुणे के साइबर थाने में FIR दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने 21 फरवरी 2024 को सानिया को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था। लेकिन, पुलिस को चकमा देकर वह ट्रेन से फरार हो गई। दुरंतो एक्सप्रेस में हथकड़ी सरकाकर कूदने के बाद वह भाग निकली। इस घटना के बाद एक अफसर समेत 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया था।
दूसरी बार गिरफ्तार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस ने इस बार सानिया की लोकेशन ट्रैक कर गोपालगंज के लोहरपट्टी गांव से गिरफ्तार किया। इस बार कड़ी सुरक्षा के बीच उसे महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। पुलिस सानिया के गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। महाराष्ट्र और गोपालगंज पुलिस मिलकर छापेमारी कर रही है।
मामले की जांच जारी है और जल्द ही सानिया के अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी की संभावना है।
