राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए 41 बधिर खिलाड़ियों का चयन, नालंदा के 6 खिलाड़ी करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व
राकेश पासवान की रिपोर्ट, हरनौत, नालंदा। हरनौत बाजार स्थित प्रखंड स्तरीय फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित 12वीं बिहार स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप ऑफ द डेफ से राष्ट्रीय स्तर के लिए 41 बधिर खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें नालंदा जिले के 6 बधिर खिलाड़ी शामिल हैं, जो आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।
डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ बिहारशरीफ (नालंदा) की मेजबानी तथा नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी के सहयोग से आयोजित इस दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पटना, नालंदा, जमुई, पश्चिम चंपारण, मुंगेर, रोहतास समेत विभिन्न जिलों से सौ से अधिक बधिर खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने ट्रैक एवं फील्ड की विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में बिहार स्टेट काउंसिल ऑफ द डेफ (बीएससीडी) के कार्यकारी अध्यक्ष गिरिजेश कुमार चौधरी एवं महासचिव मो. अतहर अली ने विजेता खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक के साथ प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी एवं नालंदा लक्ष्य खेल अकादमी के सचिव कुंदन कुमार पांडे ने बताया कि 20 से 23 मार्च तक गुजरात के अहमदाबाद में 27वीं नेशनल डेफ सीनियर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप एवं 10वीं नेशनल डेफ जूनियर एवं सब जूनियर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन होगा, जिसमें चयनित खिलाड़ी भाग लेंगे।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क दंत जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। फोर्ड डेंटल हॉस्पिटल के डॉ. रजनीश कुमार ने खिलाड़ियों की दांतों की जांच कर आवश्यक दवाएं व दंत पेस्ट वितरित किए। उन्होंने कहा कि बेहतर दांत बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी हैं, इसलिए दंत स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
आयोजन समिति के सदस्य रवि कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बधिर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना तथा खेल के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। प्रतियोगिता को सफल बनाने में स्थानीय प्रशासन, खेल प्रेमियों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।वहीं जुनियर पुरुष में प्रथम कृष्णा कुमार शर्मा(उमंग बाल विकास पटना), दितीय आदर्श कुमार(उमंग बाल विकास पटना), सब-जुनियर लड़का में प्रथम अमृत राज ,सब-जुनियर लड़की में प्रथम शौमय श्रेया तथा भाला फेंक पुरुष में प्रथम उत्तम कुमार(उमंग बाल विकास पटना), दितीय प्रिंस कुमार(उमंग बाल विकास पटना),तृतीय सौरभ प्रताप प्रभाकर तथा जुनियर लड़का प्रथम कृष्णा कुमार शार्मा( उमंग बाल विकास पटना) तथा द्वितीय आदर्श कुमार(उमंग बाल विकास पटना) ने हासिल किया।उधर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हरनौत के पहली वर्ग के छात्र ने दो सौ मीटर दौड़ में प्रथम तथा छः सौ मीटर दौड़ में तृतीय स्थान प्राप्त किया।इसके अलावा नालंदा जिला की टीम रिले रेस में तृतीय स्थान हासिल किया है। उधर बधिर खिलाड़ियों में आर्यन के आलावा अक्षय कुमार,अनुपम कुमार,संदीप कुमार,धीरज कुमार,कल्याणी कुमारी,अमीषा कुमारी,आर्यन राज धनजीर कुमार,शिवम कुमार,अनिता कुमारी शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है और अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिली है।इस दौरान बिहार बधिर क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष अलोक कुमार सासाराम,कोषाध्यक्ष सीताराम, सलाहकार अमरदीप कुमार सिंह ,किशोरी जाजोदिया , सदस्य कायकारिणी दीपक कुमार ,नेहा कुमारी ,अली हुसैन, विनय,आनन्द रंजन,आदित्य,पूजा कुमारी,विवेक आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।
