होली से पहले नालंदा में मद्यनिषेध विभाग की सख्त कार्रवाई, 300 लीटर से अधिक शराब जब्त; तीन गिरफ्तार, एक महिला फरार

0
IMG-20260303-WA0034

शंकर कुमार की रिपोर्ट,

राजगीर (नालंदा)। होली पर्व को लेकर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। राजगीर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर 300 लीटर से अधिक अवैध देशी व विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक महिला आरोपी मौके से फरार हो गई।

मद्यनिषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नवादा की ओर से एक सफेद बोलेरो (BR-2K-5026) में अवैध शराब की खेप राजगीर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर निरीक्षक नितिश कुमार के नेतृत्व में टीम ने राजगीर जू सफारी के समीप घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान बोलेरो से दो बोरों में पैक लगभग 260 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। मौके से गया जिले के टनकुप्पा निवासी डब्लू कुमार और विक्की कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

1001292362

इसके अलावा राजगीर के हंस टोला इलाके में भी विभाग ने छापेमारी की। यहां उस घर में दबिश दी गई, जहां से पूर्व में शराब बरामद होने के बाद कमरा सील किया गया था। जांच में पाया गया कि सील तोड़कर पुनः अवैध शराब का कारोबार शुरू कर दिया गया है। टीम ने यहां से 27.500 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की और आरोपी रीता देवी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पूर्व आरोपी विजय कुमार के जेल जाने के बाद उसके परिजन इस धंधे को संचालित कर रहे थे।

इसी क्रम में तुलसी गली, उपाध्याय टोला स्थित एक नव-निर्मित मकान में भी छापेमारी की गई, जहां से 27.875 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। हालांकि छापेमारी की सूचना मिलते ही आरोपी महिला मुन्नी देवी फरार हो गई। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

मद्यनिषेध विभाग ने कहा है कि होली के दौरान अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मोबाइल नंबर 9473400623 पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन जांच अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *