कतरी सराय में लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी की जनसंपर्क यात्रा, पार्टी विस्तार पर जोर

कतरीसराय (नालंदा) : लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरमान देव उर्फ मुकेश धानुक ने बुधवार को नालंदा जिले के कतरी सराय प्रखंड के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। यह अभियान “अति पिछड़ा जगाओ, बिहार बचाओ यात्रा” के तहत आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने बेलरी पंचायत के तारा बिगहा, पलट पुर, कतर पुर तथा कटौना पंचायत के गंगापुर और कटौना गांवों का दौरा किया।
यात्रा के दौरान अरमान देव ने गांव-गांव जाकर लोगों से मुलाकात की और पार्टी की नीतियों तथा उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी सभी वर्गों, विशेष रूप से अति पिछड़े, दलित, महादलित, शोषित और अल्पसंख्यक समुदायों के हक और सम्मान के लिए समर्पित है।
गांवों में जनसंपर्क के दौरान लोगों ने पार्टी की पहल का स्वागत करते हुए अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं साझा कीं। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि अब तक उन्हें कोई ठोस राजनीतिक विकल्प नहीं मिला, और वे वर्षों से “जंगलराज” के नाम पर सरकारों को चुनते रहे हैं। अब जब वही जंगलराज दोबारा लौट आया है, तो जनता इससे परेशान हो चुकी है और बदलाव की जरूरत महसूस कर रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि लोकतांत्रिक जन विकास पार्टी एक ऐसा मंच है जो सभी समुदायों को साथ लेकर चलने की बात करती है। पार्टी के प्रति लोगों में उत्साह देखा गया और उन्होंने संगठन को विस्तार देने की दिशा में सहयोग करने का भरोसा दिलाया। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और बढ़ती घटनाओं को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई और कहा कि अब समय आ गया है कि वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंका जाए।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष विरमणी मंडल, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमोद कुमार, रोहित कुमार भोला मालाकार, विकास पासवान, दिनेश राम, चंदेश्वर ठाकुर समेत कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। जनसंपर्क यात्रा के दौरान पार्टी को लेकर गांवों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।