आईएमए भवन में नालंदा जिला चिकित्सा वार्षिक समारोह संपन्न, 500 से अधिक चिकित्सकों ने लिया भाग

0
IMG-20260302-WA0057

बिहारशरीफ। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की बिहारशरीफ शाखा द्वारा आईएमए भवन, बिहारशरीफ में 1 मार्च 2026 को नालंदा जिला चिकित्सा वार्षिक समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में नालंदा जिला सहित आसपास के जिलों से लगभग 500 चिकित्सकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. बी. बी. भारती ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र के दौरान मुख्य संपादक डॉ. अजय कुमार सिन्हा एवं सह-संपादक डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. सुजीत कुमार तथा डॉ. दयानंद प्रसाद द्वारा संपादित स्मारिका का विमोचन भी मुख्य अतिथि के कर-कमलों द्वारा किया गया।

उद्घाटन समारोह में आईएमए बिहारशरीफ के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार (हड्डी रोग विशेषज्ञ) एवं आयोजन अध्यक्ष डॉ. चन्द्रेश्वर प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत किया। वहीं पैट्रन डॉ. श्याम नारायण प्रसाद, डॉ. अरविंद कुमार सिन्हा, डॉ. जवाहर लाल, डॉ. ममता कौशांबी, डॉ. रश्मि नारायण सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान सचिव डॉ. अभिषेक ने सत्र 2025-26 का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। मंच संचालन डॉ. स्वाति सिन्हा, डॉ. रिचा एवं डॉ. नीतू द्वारा किया गया।

सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित वैज्ञानिक सत्र (साइंटिफिक सेशन) में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। बच्चों की मनोचिकित्सा पर डॉ. अमरदीप कुमार ने अपने विचार रखे। हृदय रोग एवं जॉन्डिस पर डॉ. वैभव राज, कैंसर पर डॉ. नवीन कुमार, चिकित्सीय कानून (मेडिको-लीगल विषयों) पर डॉ. ललित कुमार सिंह ने विस्तृत जानकारी दी। इसके अतिरिक्त डॉ. पुलक राज, डॉ. नीरु जनेश्वर सिंह, डॉ. प्रशांत कुमार, डॉ. सुमन प्रकाश, डॉ. अजय कुमार सिंह, डॉ. कीर्ति पराशर, डॉ. ब्रजेश कुमार, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अनंत कुमार वर्मा एवं डॉ. अमरदीप कुमार सहित कई विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर अपने अनुभव साझा किए। वैज्ञानिक सत्र का संचालन डॉ. पुलक एवं डॉ. अभिनव द्वारा किया गया।

नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा सामान्य बीमारियों एवं आधुनिक उपचार पद्धतियों पर गहन चर्चा की गई। चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध एवं तकनीकी जानकारियों को भी एक-दूसरे के साथ साझा किया गया।

इस वर्ष सम्मेलन की थीम “मेडिको लीगल इश्यूज इन क्लिनिकल प्रैक्टिस” रही, जिस पर अनुभवी चिकित्सकों एवं कानूनी विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पैनल डिस्कशन के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं पर भी सारगर्भित चर्चा हुई।

आयोजन में भाग लेने वाले चिकित्सकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे अत्यंत सफल एवं ज्ञानवर्धक बताया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन आयोजक सचिव डॉ. धनंजय कुमार (शिशु रोग विशेषज्ञ) द्वारा किया गया।

समारोह ने चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञान-विनिमय, पेशेवर एकजुटता एवं आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रसार को नई दिशा प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *