मानसिंगपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध देशी कट्टा के साथ आरोपी गिरफ्तार, गांव में फैले भय का माहौल हुआ खत्म
रानी सिन्हा की रिपोर्ट,
नगरनौसा। नगरनौसा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के मानसिंगपुर गांव में छापेमारी कर एक व्यक्ति को अवैध देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि मानसिंगपुर गांव निवासी लखेन्द्र प्रसाद अवैध आग्नेयास्त्र के साथ गांव में घूम रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। मौके से लखेन्द्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी नगरनौसा थाना में कांड संख्या 147/23 दर्ज है।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा, सअनि रमेश प्रसाद, महिला सिपाही काजल कुमारी, सिपाही दिनेश कुमार, विकास कुमार तथा गृहरक्षक विनोद कुमार एवं विद्याभूषण कुमार शामिल थे।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
