नालंदा जिला में साइबर ठगी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कतरीसराय थाना ने पाँच अपराधियों को दबोचा

0
IMG-20260213-WA0041

कतरीसराय (नालंदा)। जिले में बढ़ते साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर कतरीसराय थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना क्षेत्र के सुंदरपुर और बरीठ गांव के बीच चौवर (खेत/खंदा) में छापेमारी की। इस दौरान अपराधियों को मौके पर ही साइबर ठगी करते हुए पकड़ा गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल कर लोगों को झांसे में लेने तथा व्हाट्सएप के माध्यम से सुंदर महिला/युवती की तस्वीर भेजकर साथ रहने या गर्भवती करने के नाम पर मोटी रकम का लालच देकर ठगी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, ये गिरोह भोले-भाले युवकों को निशाना बनाकर उनसे पैसे वसूलता था।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने प्रभात कुमार (मैरा), नितीश कुमार (सकुचीडिह), प्रीतम कुमार (गोवर्धन बिगहा), अनिल कुमार (मुड़लाचक, थाना वारसलीगंज, जिला नवादा) तथा एक विधि-विरुद्ध किशोर को हिरासत में लिया है। साथ ही सात स्मार्ट मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, साइबर ठगी से संबंधित डिजिटल सामग्री बरामद किया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें। अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *