बिहारशरीफ में खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी स्टेट लीग का भव्य आगाज, खिलाड़ियों में दिखा जबरदस्त उत्साह
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट, बिहारशरीफ (नालंदा)
दीप नगर स्टेडियम, बिहारशरीफ में खेलो इंडिया अस्मिता रग्बी फुटबॉल स्टेट लीग (अंडर-15 एवं अंडर-18) का भव्य शुभारंभ सोमवार को हुआ। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 30 से 31 मार्च तक आयोजित की जा रही है, जिसमें बिहार के 10 जिलों के खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
खेल प्राधिकरण भारत सरकार, खेल मंत्रालय, रग्बी इंडिया, रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का जोश और खेल भावना देखते ही बन रही है। मैदान पर रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को भी उत्साहित कर दिया है।

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव पंकज कुमार ज्योति ने कहा कि बिहार में रग्बी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और खिलाड़ियों का प्रदर्शन भविष्य में राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाएगा। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं।

इस मौके पर जेल अधीक्षक आलोक कुमार पांडेय, जिला खेल पदाधिकारी आलोक चंद चौधरी, जदयू प्रवक्ता धनंजय देव, पेंचक सिलाट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय कुशवाहा, रग्बी इंडिया के डेवलपमेंट मैनेजर शत्रुजीत दलई, शेखपुरा रग्बी सचिव विशाल सिंह, डॉ. रवि चंद्र कुमार, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष रश्मि रानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वहीं, शारीरिक शिक्षकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ नालंदा के महासचिव रेंसी राकेश राज ने बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मंच है, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखारकर भविष्य की संभावनाओं को मजबूत कर सकते हैं।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों, कोच, रेफरी, खिलाड़ियों एवं वॉलिंटियर्स का आभार व्यक्त किया गया। खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
