ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से की मुलाकात, बिहार के जमीनी स्तर पर ओलंपिक भावना जगाने पर हुई चर्चा

0
IMG-20260224-WA0088

रानी सिन्हा की रिपोर्ट,

पटना,बिहार :- 2008 के बीजिंग ओलंपिक में 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर व्यक्तिगत स्पर्धा में ओलंपिक स्वर्ण हासिल करने वाले पहले भारतीय बनने का गौरव प्राप्त करने वाले, पद्मभूषण और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय शूटर अभिनव बिंद्रा ने मंगलवार को पटना पहुंचकर बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की।

खेल मंत्री के कार्यालय में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवीन्द्रण शंकरण तथा खेल विभाग के सचिव श्री महेन्द्र कुमार भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान बिहार में जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों के बीच ओलंपिक भावना को प्रोत्साहित करने, खेल संस्कृति को मजबूत बनाने तथा प्रतिभाओं को प्रारंभिक स्तर से ही प्रशिक्षण देने पर विस्तार से चर्चा हुई।

IMG 20260224 WA0086

अभिनव बिंद्रा ने बिहार सरकार द्वारा खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से सही मार्गदर्शन, आधुनिक सुविधाएं और वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिले, तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विशेष रूप से निशानेबाजी के क्षेत्र में अपने अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ बिहार के खिलाड़ियों को देने की सहमति व्यक्त की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

1001277063

खेल मंत्री से मुलाकात से पूर्व श्री बिंद्रा ने बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक के साथ प्राधिकरण के स्टेडियम का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध खेल सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

बैठक को बिहार में खेलों के समग्र विकास और ओलंपिक स्तर की तैयारी की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *