डाकघर, बिहारशरीफ में होली मिलन समारोह संपन्न, सौहार्द का दिया संदेश
रानी सिन्हा की रिपोर्ट,
बिहारशरीफ। बिहारशरीफ डाकघर परिसर में होली के पावन अवसर पर होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में आपसी भाईचारे, सौहार्द और सांस्कृतिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर भारतीय डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। मिथिलेश कुमार, एपीएम (सब अकाउंट) के नेतृत्व में पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया। गीत-संगीत और रंगों की छटा से परिसर में उत्साह और उमंग का संचार हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए डाक अधीक्षक, नालंदा मंडल, कुंदन कुमार ने कहा कि होली आपसी भेदभाव मिटाकर प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को बढ़ाने का पर्व है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी सहयोग, अनुशासन एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति बनाए रखने का संदेश दिया।
इस मौके पर डाक निरीक्षक रामाशीष प्रसाद, रंजीत कुमार राजक, इंद्रेश विक्रांत, परिवाद निरीक्षक अभिषेक कुमार, अमलेश कुमार, पोस्टमास्टर मनीष कुमार आनंद सहित डाक विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी संवाद एवं शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ हुआ।
