बिजली विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट, चार घायल, पुलिस ने कराया मामला शांत

0
Screenshot_20260204_221044_WhatsApp

संबाद सूत्र कतरीसराय (नालंदा)। कतरीसराय थाना क्षेत्र के कटौना गांव में बिजली आपूर्ति को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए पावापुरी स्थित भगवान महावीर विज्ञान संस्थान अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

घायलों की पहचान कारू रविदास (45 वर्ष), ओमप्रकाश (16 वर्ष), रामाश्रय रविदास (25 वर्ष) एवं बबलू रविदास (36 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी कटौना गांव के निवासी हैं।

घायल बबलू रविदास ने आरोप लगाया कि गांव में बिजली आपूर्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि रात के समय बिजली काट दिए जाने से बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कार्यों में परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि उनके घर के लिए अलग ट्रांसफार्मर होने के बावजूद बिजली बाधित की जाती है। मना करने पर पहले धमकी दी गई और बाद में 3 फरवरी की रात बैठक के दौरान मारपीट की गई।

घायलों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने लाठी, रॉड, पत्थर और ईंट से हमला किया। उनके अनुसार इस घटना में 25 से 30 लोग शामिल थे।

मामले में कतरीसराय थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने दूरभाष पर बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने कहा कि यह विवाद बिजली उपयोग को लेकर हुआ है। दोनों पक्ष एक-दूसरे के ट्रांसफार्मर से बिजली लेते हैं, जिससे अक्सर तनाव की स्थिति बन जाती है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *