मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजगीर में खेल विश्वविद्यालय की नई सुविधाओं का किया लोकार्पण, खेलो इंडिया यूथ गेम्स और पुलिस अकादमी का लिया जायजा

राजगीर (नालंदा) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राजगीर स्थित खेल अकादमी सह खेल विश्वविद्यालय में नवनिर्मित खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने इंडोर हॉल संख्या-2, बास्केटबॉल कोर्ट, हैंडबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट और हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का उद्घाटन करते हुए शिलापट्ट का अनावरण किया और फीता काटकर इन सुविधाओं का शुभारंभ किया।
समारोह की शुरुआत गुब्बारा उड़ाकर की गई। मुख्यमंत्री ने खेल परिसर का भ्रमण कर खिलाड़ियों से संवाद किया और उन्हें अभ्यास में कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ब्वॉयज और गर्ल्स हॉस्टल समेत राज्य खेल अकादमी की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने आगामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों की समीक्षा की और निर्माणाधीन खेल मैदान व ट्रैक का निरीक्षण कर अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी का भी दौरा किया। वहां उन्होंने स्वीमिंग पूल, मॉडल थाना, पासिंग आउट परेड ग्राउंड और जीविका दीदियों द्वारा संचालित वर्दी सिलाई केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण की सुविधाओं की सराहना करते हुए निर्देश दिया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से जारी रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला में कार्यरत तीन लैब की जानकारी ली और चौथे लैब की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पुलिस अकादमी को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे प्रशिक्षण का स्तर और अधिक प्रभावशाली होगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री व नालंदा जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, विधायक कृष्णमुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, पूर्व विधायक ई. सुनील सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, खेल विश्वविद्यालय के कुलपति शिशिर सिन्हा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, भवन निर्माण निगम के महानिदेशक आलोक राज, पुलिस अकादमी की निदेशक आर. मल्लार विजी, सचिव अनुपम कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरबड़े, खेल निदेशक महेंद्र कुमार, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।