हासनचक में शिव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ की तीसरी संध्या पर निकली भगवान शिव की भव्य बारात, श्रद्धालुओं से गूंज उठा पूरा गांव

0
IMG-20260224-WA0097

सुनील कुमार की रिपोर्ट,

हरनौत (नालंदा)। स्थानीय प्रखंड के डिहरी पंचायत अंतर्गत हासनचक गांव में आयोजित शिव प्राण प्रतिष्ठा सह यज्ञ महायज्ञ कार्यक्रम की तीसरी संध्या पर धार्मिक उत्साह चरम पर रहा। इस अवसर पर भगवान शिव की प्रतिमा का विधि-विधानपूर्वक फल एवं वस्त्र से अभिषेक और अलंकरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भागवत पुराण कथा में यज्ञकर्ता पुजारी बाबा अमरकांत ने श्रद्धालुओं के बीच भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग का विस्तृत वर्णन किया। कथा वाचन के उपरांत शिव विवाह की झांकी एवं भगवान शिव की भव्य बारात निकाली गई, जिसने पूरे गांव का माहौल भक्तिमय बना दिया।

बारात कार्यक्रम में भगवान शिव एवं माता पार्वती का रूप धारण कर कलाकारों ने विवाह की रस्मों का सजीव मंचन किया, जिससे उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बारात में विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी उत्साहपूर्ण रही। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत की धुन पर युवा श्रद्धालु जमकर थिरके और तालियों की गूंज से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम में पुजारी अवधेश कुमार ने अपने परिवार सहित पूजा-अर्चना संपन्न कराई। वहीं पुजारी बाबा शंभूनाथ ने पौराणिक परंपरा के अनुसार भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की विधि पूरी कराई। माता पार्वती की झांकी में उनकी सहेलियों के साथ मंडप में आगमन का दृश्य आकर्षण का केंद्र बना रहा।

तीसरी संध्या के इस आयोजन में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने अंगवस्त्र अर्पित कर एवं दान-दक्षिणा देकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया। पूरे आयोजन के दौरान गांव में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *