कोचिंग जा रहे छात्र को पिकअप ने कुचला, मौके पर मौत, हादसे में चचेरा भाई घायल, चालक गिरफ्तार

0
IMG-20260529-WA0033

नालंदा। जिले के रहुई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने साइकिल सवार दो छात्रों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों चचेरे भाई सड़क पर गिर पड़े। इस दुर्घटना में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के मई फरीदा गांव निवासी मुन्ना पंडित के 16 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में की गई है। वहीं घायल छात्र सोनू कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताया जाता है कि दोनों छात्र 12वीं कक्षा में पढ़ते थे और शुक्रवार सुबह साइकिल से कोचिंग जाने के लिए घर से निकले थे।

घटना बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग स्थित दिग्धीपर मोड़ के पास हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत रहुई और भागन बिगहा थाना पुलिस को सूचना दी।

इधर दुर्घटना के बाद भाग रहे पिकअप चालक को पुलिस ने भागन बिगहा चौराहे के पास पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है।

घटना के संबंध में रहुई थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि घायल छात्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

वहीं हादसे से आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से थाना परिसर पहुंचकर मुआवजे की मांग को लेकर घंटों हंगामा किया और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *