एक बच्चे के साथ विवाहिता लापता, परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका
नालंदा (बिहार) : छबिलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव से 22 वर्षीय विवाहिता गौरी कुमारी अपने एक बच्चे के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजन लगातार अपने स्तर से खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
जानकारी के अनुसार, गौरी कुमारी की शादी वर्ष 2021 में उदयपुर निवासी सत्येंद्र प्रसाद के पुत्र टुन्नी कुमार के साथ हुई थी। दंपति को दो संतानें हैं। बताया जाता है कि 22 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे वह अपने एक बच्चे के साथ घर से निकली थीं। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उन्हें राजगीर रेलवे स्टेशन के पास देखने की बात कही। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है।

परिजनों का कहना है कि गौरी कुमारी बिना किसी जानकारी के घर से निकली थीं, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। परिवार के लोग संभावित स्थानों पर जाकर तलाश कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। घर में मौजूद दूसरे छोटे बच्चे की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है, वहीं परिजन बदहवास हैं।
इस संबंध में गौरी कुमारी के पिता कन्हैया प्रसाद ने छबीलापुर थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवेदन देने के बावजूद अब तक पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
परिजनों ने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने और गौरी कुमारी व उनके बच्चे की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से त्वरित पहल करने की अपील की है।

