नालंदा में हथियारबंद अपराधियों का तांडव, घर और दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग; महिला गंभीर रूप से घायल
रानी सिन्हा की रिपोर्ट,
नालंदा। जिले के थरथरी थाना क्षेत्र के रूपन बीघा गांव में बीते शुक्रवार (6 मार्च) की शाम हथियारबंद अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। अपराधियों ने गांव की निवासी सुमिरक देवी (पति- राजनंदन प्रसाद) के घर और दुकान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में सुमिरक देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ रेफर किया गया।
जान मारने की नीयत से की गई फायरिंग
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब 7:24 बजे कई हथियारबंद अपराधी सुमिरक देवी के घर पहुंचे और घर तथा दुकान के शटर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। घटना के बाद अपराधियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि पूरी घटना की तस्वीरें सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई हैं और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में कई नामजद और अज्ञात आरोपियों का जिक्र किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रामबालक प्रसाद, शिव कुमार, जितेंद्र प्रसाद, नवीन कुमार, मुक्कू कुमार, रंजय कुमार, संदीप कुमार, रोहित कुमार, कामता प्रसाद और जुदागी प्रसाद (सभी निवासी रूपन बीघा) को नामजद किया गया है।
इसके अलावा चंडी थाना क्षेत्र के कांधुपीपर निवासी संजय कुमार और ओली बीघा के नीतीश कुमार की भी पहचान की गई है। बताया जा रहा है कि इन आरोपियों पर पहले से रंगदारी और जानलेवा हमले जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जमीन विवाद बना घटना की वजह
घायल महिला के बेटे बैजू कुमार ने बताया कि उसे ननिहाल की संपत्ति मिली है, जिस पर उसके ममेरे भाइयों की नजर है। करीब 10 कट्ठा जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है और फिलहाल एक कट्ठा जमीन को लेकर भी विवाद जारी है। आरोप है कि ममेरे भाइयों ने जबरन जमीन पर कब्जा कर लिया है। इसी रंजिश में आरोपियों ने घर पर चढ़कर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।
प्राथमिकी दर्ज करने में लापरवाही का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के स्पष्ट वीडियो फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट होने के बावजूद स्थानीय थाना द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने में शिथिलता बरती गई और दो दिनों तक उन्हें टहलाया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार भयभीत है। न्याय की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष ने ऑनलाइन माध्यम से वरीय पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
पुलिस कर रही जांच
वहीं थरथरी थाना प्रभारी मोहम्मद साजिद अख्तर ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
