एकंगरसराय पुलिस की तत्परता से टली बड़ी वारदात, अवैध हथियार के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
प्रेम सिंघानिया की रिपोर्ट,
एकंगरसराय (नालंदा)। थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई। पूर्व के विवाद को लेकर कुछ बाहरी बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना पर एकंगरसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन के साथ-साथ एक स्कॉर्पियो और एक पिकअप वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 मार्च 2026 की रात करीब 9:45 बजे अमनारखास पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विद्यानंद प्रसाद ने एकंगरसराय थानाध्यक्ष को सूचना दी कि पूर्व के विवाद को लेकर कुछ बाहरी लोग उनके घर के पास पहुंचकर फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गश्ती दल और अन्य पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा।
पुलिस टीम के पहुंचते ही कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने आए दो आरोपियों को अवैध आग्नेयास्त्र और कारतूस के साथ मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनानाथ यादव (43 वर्ष) और चंदन यादव (33 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पटना जिले के सालिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीपुर गांव के निवासी बताए जाते हैं।
पुलिस पूछताछ और आरोपियों की स्वीकारोक्ति के आधार पर इस मामले में शामिल दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें संतोष कुमार (38 वर्ष), पिता योगेंद्र प्रसाद, निवासी भदरूडीह, थाना नगरनौसा (नालंदा) तथा अजीत कुमार (19 वर्ष), पिता सुरेश राम, निवासी सैरापर, थाना चंडी (नालंदा) शामिल हैं। इन दोनों को एक स्कॉर्पियो और एक पिकअप वाहन के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एकंगरसराय थाना कांड संख्या 47/26, दिनांक 04.03.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 190(3), 109(1), 61(2) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1-b)A, 26, 27 और 35 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।
जांच के दौरान यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी दिनानाथ यादव के खिलाफ पहले से ही हत्या और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। वहीं अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने मौके से जो सामान बरामद किया है, उसमें एक लोडेड देशी कट्टा, 12 बोर का 315 बोर जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक स्कॉर्पियो वाहन और एक पिकअप वाहन शामिल हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक अमरेंद्र कुमार (एकंगरसराय अंचल), पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा, पु०अ०नि० बजेश कुमार चौधरी, पु०अ०नि० मोहन पासवान तथा एकंगरसराय थाना के रिजर्व गार्ड एवं चालक की अहम भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी वारदात टल गई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
