कतरीसराय में अश्लील गीतों पर सख्ती, डीजे संचालकों को पुलिस की चेतावनी

0
IMG-20260227-WA0052

शंकर कुमार की रिपोर्ट,

कतरीसराय। शादी समारोह और होली पर्व के दौरान डीजे पर अश्लील भोजपुरी गीत बजाए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कतरीसराय के थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष ने कहा कि शादी और होली जैसे पारंपरिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की आड़ में कई स्थानों पर डीजे के माध्यम से अश्लील और आपत्तिजनक भोजपुरी गीत बजाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। इसे सामाजिक मर्यादा और सांस्कृतिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसी गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने सभी डीजे संचालकों को सख्त निर्देश दिया है कि वे अश्लील और आपत्तिजनक गीतों का प्रसारण तुरंत बंद करें। यदि निर्देशों की अवहेलना की गई तो संबंधित डीजे उपकरण जब्त कर लिए जाएंगे। साथ ही दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूलने और आवश्यकता पड़ने पर जेल भेजने की भी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

थानाध्यक्ष ने अभिभावकों, आयोजनकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से भी अपील की है कि वे सामाजिक वातावरण को स्वस्थ और शालीन बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों और खुशियों के अवसरों को मर्यादा और सभ्यता के साथ मनाना ही समाज के लिए उचित संदेश देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *