नालंदा में कृषि क्रांति की ओर बड़ा कदम: 30 युवाओं को मिल रहा ‘कृषि प्रसार सेवा प्रदाता’ का विशेष प्रशिक्षण, किसानों तक पहुंचेगी आधुनिक तकनीक

0
IMG-20260224-WA0058

शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट,

नालंदा। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, Bihar सरकार के अंतर्गत संचालित बिहार स्किल डेवलपमेंट मिशन द्वारा युवाओं के कौशल उन्नयन और रोजगार सृजन के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आरपीएल (Recognition of Prior Learning) योजना के तहत “कृषि प्रसार सेवा प्रदाता” ट्रेड में प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।

यह प्रशिक्षण 23 फरवरी 2026 से 9 मार्च 2026 तक कौशल विकास केंद्र, आत्मा (ATMA), नालंदा में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में कुल 30 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में पहले से कार्यरत कृषक मित्रों, कृषि सलाहकारों एवं संबंधित युवाओं के अनुभव को औपचारिक मान्यता देना तथा उनके तकनीकी और व्यवहारिक कौशल को और सुदृढ़ करना है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कृषि प्रसार की आधुनिक अवधारणाओं, उन्नत फसल उत्पादन तकनीक, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, जल संरक्षण तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती की जानकारी दी जा रही है। साथ ही सरकारी योजनाओं की अद्यतन जानकारी, किसानों से प्रभावी संवाद की तकनीक, समूह गठन एवं प्रबंधन, फील्ड डेमो का आयोजन, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा कृषि आधारित उद्यमिता विकास पर विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।

1001276753

आरपीएल कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षणार्थियों के पूर्व अनुभव का मूल्यांकन कर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इससे उनकी कार्यक्षमता को औपचारिक पहचान मिलेगी और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से कृषि प्रसार तंत्र को मजबूती मिलेगी तथा आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ अधिकाधिक किसानों तक पहुँच सकेगा।

जिला कृषि पदाधिकारी, नालंदा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन का विकास समय की मांग है। ऐसे कौशल विकास कार्यक्रमों से युवाओं को बेहतर रोजगार मिलेगा और किसानों की आय में वृद्धि के साथ कृषि उत्पादकता पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे अर्जित ज्ञान का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों के मार्गदर्शन के लिए करें।

नालंदा जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कृषि क्षेत्र में सतत विकास और किसानों की समृद्धि के लिए इस प्रकार के कौशल उन्नयन कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *