शिव प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की दूसरी संध्या हुई भक्तिमय, हरिनाम संकीर्तन पर झूमे श्रद्धालु
राकेश पासवान की रिपोर्ट,
हरनौत प्रखंड स्थित डिहरी पंचायत के हासनचक गांव में आयोजित शिव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन की संध्या पूरी तरह भक्ति रस में डूबी रही। कार्यक्रम में यज्ञाचार्य बाबा पंडित अमरकांत पाण्डेय ने शिव अवतार की विस्तृत चर्चा करते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके प्रवचन को सुनने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के गांवों से आए श्रद्धालु मौजूद रहे।
संध्या कार्यक्रम की शुरुआत मंगल आरती और भजन-कीर्तन से हुई। “पी ले-पी ले हरिराम की दवाई” और “हरि राम, हरि राम, हरि कृष्णा” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। पूरा वातावरण हरिनाम संकीर्तन से गूंजायमान हो गया।
कार्यक्रम के पुजारी अवधेश कुमार उर्फ पप्पू तथा उनकी पत्नी विभा कुमारी ने भी आरती में भाग लेकर माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर बाबा रवि शास्त्री सहित दर्जनों साधु-संत उपस्थित रहे।
आयोजन स्थल पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही। देर रात तक भक्ति, प्रवचन और भजन-कीर्तन का क्रम चलता रहा, जिससे पूरा हासनचक गांव आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो गया।
