कतरीसराय में ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौत, गांव में शोक की लहर
गुड्डू कुमार की रिपोर्ट,
कतरीसराय (नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र के पूरब टोला स्थित तरौनी-दरवेशपुरा रोड पर मुंशी पैन के समीप बने पुल के पास एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय किसान सतेन्द्र सिंह की मौत हो गई। मृतक की पहचान सतेन्द्र सिंह (पिता – मुन्नी सिंह) के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सतेन्द्र सिंह खेत जोतकर आंगनबाड़ी केंद्र की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे ट्रैक्टर को बैक कर रहे थे। बैक करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर मुंशी पैन में जा गिरा और पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कतरीसराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने घटनास्थल का जायजा लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इधर, हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों ने प्रशासन से आवश्यक सहायता की मांग की है।
