गंगटी उच्च विद्यालय में 28.32 लाख की लागत से दो मंजिला भवन का उद्घाटन, गांव में 5 लाख की पीसीसी सड़क का भी लोकार्पण
अनुमंडल संवाददाता, राजगीर, राजीव लोचन की रिपोर्ट
राजगीर (नालंदा)। सरदार वल्लभभाई पटेल उच्च विद्यालय, गंगटी में 28 लाख 32 हजार रुपये की लागत से निर्मित दो मंजिला भवन का उद्घाटन किया गया। साथ ही गंगटी गांव में 5 लाख रुपये की लागत से बनी पीसीसी ढलाई (सड़क) का भी लोकार्पण किया गया। उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि शिक्षा के बिना मानव जीवन अधूरा है। शिक्षा एक अनमोल रत्न है, जिसे कोई न तो छीन सकता है और न ही नष्ट कर सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से बिहार के विद्यालयों में विषयवार शिक्षक, पर्याप्त कमरे, बरामदा, शौचालय, लाइब्रेरी सहित सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बिहार विकास की दिशा में निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य के हर क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। साथ ही बिहार राज्य पथ परिवहन की बस सेवाओं का विस्तार भी किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष अरविंद पटेल, पूर्व मुखिया संतोष कुमार, सुधीर कुमार, दिनेश कुमार, लक्ष्मी प्रसाद, अनिल पासवान, रामोरवेश केवट सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
