पटना साहिब में 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों की सीएम सम्राट चौधरी ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर
9 से 16 जनवरी 2027 तक होगा आयोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आवासन और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था करने का निर्देश
पटना। तख्त श्री हरमंदिर जी गुरुद्वारा, पटना साहिब में आयोजित होने वाले 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
प्रकाश पर्व का आयोजन 9 जनवरी से 16 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, आवासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने तथा तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा व्यवस्था को विशेष रूप से सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने हृदय रोग विशेषज्ञों सहित आवश्यक चिकित्सा विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही पटना साहिब, गुलजारबाग, पटना जंक्शन और राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा। रेलवे स्टेशनों पर आवागमन, सहायता और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। इसके लिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और तैयारियों की लगातार निगरानी करें।
