कतरीसराय में युवक की बेरहमी से हत्या, पत्नी और कथित प्रेमी गिरफ्तार
दरगाह के पास झोपड़ी में दिया गया वारदात को अंजाम, शव को दो किलोमीटर दूर घर लाकर छिपाने की कोशिश; पुलिस ने कट्टा और मोबाइल किया बरामद
कतरीसराय, नालंदा। नालंदा जिले के कतरीसराय थाना क्षेत्र में बादी मोड़-बहादुरगंज मार्ग स्थित दरगाह के पास सरकारी जमीन पर बनी झोपड़ी में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तरौनी गांव निवासी मृतक पुनेश्वर मांझी की पत्नी कमुधा देवी और बहादुरगंज निवासी टुनटुन चौधरी उर्फ मुखिया के रूप में हुई है। पुलिस ने कमुधा देवी के पास से मोबाइल और टुनटुन चौधरी के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुनेश्वर मांझी अपनी पत्नी से अलग होकर दरगाह के समीप सरकारी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहता था। बताया जाता है कि उसकी पत्नी कमुधा देवी का टुनटुन चौधरी के साथ कथित प्रेम प्रसंग था। पुनेश्वर इसका विरोध करता था। इसी बात को लेकर विवाद और रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि मंगलवार की रात इसी रंजिश में झोपड़ी के अंदर पुनेश्वर की हत्या कर दी गई।
हत्या की वारदात को बेहद निर्मम तरीके से अंजाम दिया गया। मृतक के दोनों पैर टूटे हुए थे और सिर पर धारदार हथियार से गहरा वार किया गया था। शरीर पर डंडे और ईंट-पत्थर से पिटाई के निशान भी मिले। शव का रंग काला पड़ गया था। घटना की भयावहता से इलाके में सनसनी फैल गई।
शव को घर लाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश
आरोप है कि वारदात के बाद मामले को छिपाने के लिए शव को झोपड़ी से करीब दो किलोमीटर दूर तरौनी गांव स्थित मृतक के घर लाकर रख दिया गया। वहां लगे खून के धब्बों को पानी से धोकर मिटाने की कोशिश भी की गई। बुधवार की सुबह पत्नी के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण घर पहुंचे, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मोबाइल और देसी कट्टे की जांच में जुटी पुलिस
कतरीसराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले में कमुधा देवी के पास से एक मोबाइल और टुनटुन चौधरी के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस मोबाइल के कॉल डिटेल्स खंगाल रही है और बरामद कट्टे की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
