महिला कबड्डी लीग में सेमीफाइनल की जंग तय – मगध वॉरियर्स, सिवान टाइटंस, सारण स्ट्राइकर्स और सीतामढ़ी सेंटिनल्स अंतिम चार में
सिवान और मगध के बीच पहला क्वालीफायर, सारण–सीतामढ़ी के बीच एलिमिनेटर मुकाबला आज
रानी सिन्हा की रिपोर्ट,
पटना (बिहार) । पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में 11 से 17 मार्च तक आयोजित द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग 2026 के लीग चरण का समापन हो गया। रविवार को खेले गए 30वें मुकाबले के साथ ही सभी लीग मैच पूरे हो गए और सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई।
अंक तालिका में मगध वॉरियर्स और सिवान टाइटंस दोनों ने 16-16 अंक हासिल किए, जिसमें बेहतर प्रदर्शन के आधार पर मगध पहले और सिवान दूसरे स्थान पर रहा। वहीं सारण स्ट्राइकर्स 12 अंकों के साथ तीसरे और सीतामढ़ी सेंटिनल्स 8 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही।

लीग चरण समाप्त होने के बाद अब प्रतियोगिता रोमांचक दौर में प्रवेश कर चुकी है। सोमवार को शीर्ष चार टीमों के बीच प्लेऑफ मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें मगध वॉरियर्स और सिवान टाइटंस के बीच पहला क्वालीफायर, जबकि सारण स्ट्राइकर्स और सीतामढ़ी सेंटिनल्स के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा।
नालंदा निंजास ने दो मुकाबले जीते
दिन के शुरुआती मुकाबलों में नालंदा निंजास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो मैच अपने नाम किए। पहले मैच में नालंदा ने सीतामढ़ी सेंटिनल्स को 25-24 से हराया। इस मुकाबले में सीतामढ़ी की वर्षा को बेस्ट रेडर और नालंदा की अदिति कुमारी को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।
इसके बाद खेले गए मुकाबले में नालंदा निंजास ने पटना पेलिकन्स को 26-17 से पराजित किया। इस मैच में नालंदा की अंकिता कुमारी बेस्ट रेडर और पटना की अंकु कुमारी बेस्ट डिफेंडर रहीं।

मगध वॉरियर्स और सारण स्ट्राइकर्स की जीत
एक अन्य मुकाबले में मगध वॉरियर्स ने पटना पेलिकन्स को 40-21 के बड़े अंतर से हराया। पटना की सुंदर कुमारी को बेस्ट रेडर जबकि मगध की काजल सिंह को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।
सारण स्ट्राइकर्स ने सिवान टाइटंस को रोमांचक मुकाबले में 30-29 से हराया। इस मैच में सारण की मुस्कान को बेस्ट रेडर और शिवानी कुमारी को बेस्ट डिफेंडर घोषित किया गया।
टाई ब्रेक में जीती सीतामढ़ी
सारण स्ट्राइकर्स और सीतामढ़ी सेंटिनल्स के बीच मुकाबला 21-21 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद टाई ब्रेक में दोनों टीमों को पांच-पांच रेड का मौका दिया गया, जिसमें सीतामढ़ी ने 7-5 से जीत दर्ज की। इस मैच में सारण की मुस्कान बेस्ट रेडर और सीतामढ़ी की आयुषी कुमारी बेस्ट डिफेंडर रहीं।
अंतिम मैच में सिवान की जीत
दिन के अंतिम मुकाबले में सिवान टाइटंस ने मगध वॉरियर्स को 35-26 से पराजित किया। सिवान की इंदु कुमारी को बेस्ट रेडर और कोमल कुमारी को बेस्ट डिफेंडर चुना गया।
अब लीग का रोमांच अपने चरम पर है और सेमीफाइनल मुकाबलों के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम फाइनल में जगह बनाती है।
