ट्विनिंग कार्यक्रम के तहत हरगामा के छात्रों ने छबीलापुर विद्यालय का किया शैक्षणिक भ्रमण
बिहारशरीफ, संवाददाता।
शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को आर.जी.एल. उच्च विद्यालय, छबीलापुर में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, हरगामा के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक परिभ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्या सुषमा कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर हरगामा विद्यालय के शिक्षक—विकास कुमार, मोहम्मद अफजाल, नाजिया अली, इंदु कुमारी, ममता कुमारी, नूतन कुमारी, प्रिया कुमारी एवं अंजू कुमारी के साथ आए छात्र-छात्राओं ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला समेत विभिन्न शैक्षणिक संसाधनों को नजदीक से समझा।

कार्यक्रम में मेंटोर शिक्षक अजय कुमार, प्रभारी प्रधानाध्यापक ओंकार देव आर्य, कुंज बिहारी एवं कुंजेश ने आगंतुक शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने ट्विनिंग विद्यालय की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस पहल के माध्यम से छात्रों को एक-दूसरे के विद्यालयी वातावरण से सीखने और अपने ज्ञान का विस्तार करने का अवसर मिलता है।
मेंटोर शिक्षक अजय कुमार ने कहा कि आने वाले समय में दोनों विद्यालयों के बीच संयुक्त परिभ्रमण, क्विज प्रतियोगिता, निबंध लेखन, वाद-विवाद, रंगोली एवं पेंटिंग जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे छात्रों में प्रतिस्पर्धा और सीखने की भावना विकसित होगी। इस प्रस्ताव का दोनों विद्यालयों के प्राचार्यों ने स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान आर.जी.एल. उच्च विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें विभिन्न विषयों की जानकारी दी। संगीत शिक्षिका राखी कुमारी एवं सोनल साक्षी ने विद्यार्थियों को संगीत के महत्व और उसकी बारीकियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर अशोक कुमार, जैनेंद्र कुमार, संजीत कुमार, सुजीत कुमार, सुरजीत कुमार, सीमा कुमारी, कल्पना रेखा, शंकर कुमार, लाइब्रेरियन मोहम्मद आफताब आलम, धीरज कुमार, राकेश कुमार, सूरज नारायण एवं हिंदी शिक्षक अजय कुमार सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या सुषमा कुमारी ने सभी छात्र-छात्राओं के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था कराई। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
