संपूर्ण क्रांति के 49 साल पूरे होने पर दी गई श्रद्धांजलि, नालंदा में भाजपा की प्रेस वार्ता और वृक्षारोपण कार्यक्रम

बिहार शरीफ (नालंदा) : संपूर्ण क्रांति के 49 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में आयोजित प्रेस वार्ताओं की श्रृंखला के तहत आज नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नालंदा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश मंत्री रत्नेश कुशवाहा ने संवाददाताओं को संबोधित किया।
प्रेस वार्ता में रत्नेश कुशवाहा ने संपूर्ण क्रांति के नायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वर्ष 1975 में कांग्रेस की तानाशाही के खिलाफ उठी यह क्रांति लोकतंत्र की रक्षा के लिए मील का पत्थर बनी। उन्होंने आरोप लगाया कि आज उन्हीं के आंदोलन से निकले कुछ नेता भ्रष्टाचार में लिप्त होकर उसी कांग्रेस की शरण में चले गए हैं, जिसका कभी विरोध किया गया था।

उन्होंने कहा कि पिछड़े, अति पिछड़े, दलित, शोषित और वंचित वर्गों की उपेक्षा करने वाली कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने वर्षों तक आरक्षण जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था को लागू नहीं किया। जबकि भाजपा ने कर्पूरी ठाकुर के कार्यकाल में और बाद में एनडीए सरकार में अति पिछड़ा आरक्षण लागू कर ऐतिहासिक कार्य किया।
प्रदेश मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में दो चरणों में जातीय जनगणना शुरू होने जा रही है। पहला चरण 1 अक्टूबर 2026 से पहाड़ी राज्यों में और दूसरा चरण 1 मार्च 2027 से पूरे देश में शुरू किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रेस वार्ता के बाद प्रदेश मंत्री रत्नेश कुशवाहा ने मेहनौर स्थित निर्माणाधीन भाजपा जिला कार्यालय परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर कार्यकर्ताओं के साथ फलदार वृक्षों का रोपण किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत करोड़ों वृक्ष लगाए जा चुके हैं और यह जनभागीदारी का प्रतीक है।
उन्होंने जनता से अपील की कि हर नागरिक कम से कम एक पेड़ जरूर लगाए और उसकी देखभाल करे। उन्होंने कहा कि शास्त्रों में एक पेड़ को सौ पुत्रों के समान माना गया है और प्रकृति की रक्षा करना सबसे बड़ी पूजा है।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. रामसागर सिंह, जिला प्रभारी राजेश कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद सिंह, वीरेंद्र गोप, महामंत्री शैलेन्द्र कुमार, मंत्री रीना कुमारी, उपेंद्र राजवंशी, डॉ. अशुतोष कुमार, तेजस्विता राधा, मीडिया प्रभारी अमरेश कुमार सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक न्याय के लिए भाजपा के प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।