शैक्षणिक भ्रमण पर नालंदा आये छात्रों को दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, स्कूली बच्चों को दिया गया 500 अमरूद का पौधा

0
IMG-20260212-WA0049

अनुमंडल संवाददाता राजगीर, राजीव लोचन की रिपोर्ट, नूरसराय (नालंदा)। शैक्षणिक भ्रमण पर नालंदा आए विभिन्न जिलों के स्कूली बच्चों को गुरुवार को मिशन हरियाली नूरसराय की ओर से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विश्व शांति स्तूप, राजगीर के समीप निजी भूमि पर पौधरोपण के लिए 500 अमरूद के पौधे निःशुल्क वितरित किए गए।

एक ओर जहां बच्चों ने विश्व शांति स्तूप, नालंदा खंडहर और पावापुरी जल मंदिर जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया, वहीं पौधे पाकर उनके चेहरों पर खास उत्साह और मुस्कान देखने को मिली।

इस दौरान बेगूसराय जिले के उत्क्रमित माध्यमिक प्लस टू विद्यालय गुदार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय छर्रापट्टी, दरभंगा जिले के एन.बी. इंग्लिश एकेडमी लहेरियासराय, लखीसराय के उत्क्रमित मध्य विद्यालय शाहनगर तथा जहानाबाद जिले के मध्य विद्यालय मुरगांव के विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए गए।

1001248514

मिशन हरियाली के सदस्य पी. सिंह ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि क्लाइमेट चेंज और ग्लोबल वार्मिंग आज वैश्विक समस्या बन चुकी है। बढ़ते प्रदूषण के कारण जीवन में कई चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं और खेती-बाड़ी भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों की कमी के कारण असमय बारिश, बढ़ते तापमान और विभिन्न बीमारियों जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। दुनिया की बड़ी आबादी प्रदूषित हवा में सांस लेने को मजबूर है, जिससे श्वास रोग सहित अन्य गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि यदि हम स्वच्छ हवा चाहते हैं तो पेड़ लगाना हम सभी की जिम्मेदारी है। धरती पर हरियाली लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण से जुड़ना होगा।

वहीं स्कूली बच्चों ने वितरित पौधों को रोपित करने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया। इस मौके पर गुड्डू कुमार, प्रेम कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *