मैट्रिक बोर्ड परीक्षा को लेकर शहर में कड़ी यातायात व्यवस्था, ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
प्रेम कुमार की रिपोर्ट
बिहारशरीफ में मैट्रिक बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरे शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ कर दिया गया है। परीक्षा के मद्देनज़र प्रमुख चौक-चौराहों, परीक्षा केंद्रों के आसपास तथा मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई है।
इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी खुर्शीद आलम ने बताया कि मैट्रिक बोर्ड परीक्षा को लेकर शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी गई है। परीक्षा के समय जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के उद्देश्य से यातायात संचालन को व्यवस्थित किया गया है। स्कूल बसों, अभिभावकों के वाहनों एवं अन्य यातायात को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि परीक्षा अवधि के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और अनावश्यक रूप से परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ न लगाएं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शहर में की गई इस सख्त यातायात व्यवस्था से परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।
