रोटरी क्लब बिहारशरीफ का 47वां अधिष्ठापन समारोह संपन्न, नए अध्यक्ष व सचिव ने संभाली जिम्मेदारी
प्रेम कुमार की रिपोर्ट, बिहार शरीफ ( नालंदा) : रोटरी क्लब बिहारशरीफ का 47वां अधिष्ठापन समारोह होटल ममता इंटरनेशनल, बिहारशरीफ में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्लब का ऑफिशियल डीजी विजिट भी संपन्न हुआ।
समारोह में मंडलाध्यक्ष रो० नम्रता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के रूप में रो० डॉ. बिंदु सिंह, रो० डॉ. अजय कुमार एवं रो० डॉ. सुनील कुमार मौजूद रहे, जबकि रोटरी जोन 10 के सहायक गवर्नर रो० डॉ. अजीत कुमार सिंह सम्मानित अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान रो० डॉ. आशुतोष कुमार को रोटरी क्लब बिहारशरीफ का अध्यक्ष तथा रो० अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ प्रमोद जी को सचिव पद की शपथ दिलाई गई।
अधिष्ठापन समारोह के साथ ही नुरसराय स्थित रेडिएंट वर्ल्ड स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि रो० नम्रता ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब को निरंतर छोटे-बड़े सभी प्रकार के प्रोजेक्ट संचालित करते रहना चाहिए, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। उन्होंने रोटरी के सात फोकस क्षेत्रों पर विशेष रूप से कार्य करने की अपील की और सदस्यता विस्तार पर जोर दिया। साथ ही रोटरी फाउंडेशन में योगदान बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि फाउंडेशन का सहयोग ही विभिन्न स्थायी परियोजनाओं की आधारशिला है। रोटरी क्लब बिहारशरीफ द्वारा स्थापित डायलिसिस सेंटर इसका सशक्त उदाहरण है, जो फाउंडेशन के समर्थन से ही संभव हो सका।
पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं रोटरी पब्लिक इमेज कोऑर्डिनेटर पीडीजी रो० डॉ. बिंदु सिंह ने कहा कि किसी भी प्रोजेक्ट का प्रभाव तभी व्यापक होता है, जब उसका संदेश जन-जन तक पहुंचे। उन्होंने सोशल मीडिया, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से रोटरी के कार्यों का प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पोलियो उन्मूलन में रोटरी का ऐतिहासिक योगदान रहा है और इस उपलब्धि की जानकारी समाज तक पहुंचाना आवश्यक है।
डीजीएनडी रो० डॉ. अजय कुमार ने अपने वक्तव्य में कहा कि जिस प्रकार रोटरी क्लब बिहारशरीफ द्वारा डायलिसिस सेंटर का सफल संचालन किया जा रहा है, उसी तरह बिहारशरीफ के अन्य क्लबों को भी स्थायी और दीर्घकालिक परियोजनाएं शुरू करनी चाहिए, ताकि समाज के जरूरतमंद एवं निम्न आय वर्ग के लोगों को निरंतर सेवा मिल सके।
समारोह में रोटरी क्लब नालंदा, नवादा, राजगीर, शेखपुरा, नवादा राजश्री एवं बिहारशरीफ तथागत के प्रतिनिधियों के साथ-साथ लायंस क्लब, इनर व्हील क्लब, आईएमए, मिशन हरियाली और पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के अनेक सदस्यों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
