राज्यस्तरीय पैरा एथलेटिक्स में रजनीश बना स्वर्ण पदक विजेता, 400 मीटर दौड़ और लंबी कूद में शानदार प्रदर्शन
अनुमंडल संवाददाता, राजगीर, राजीव लोचन की रिपोर्ट
राजगीर (नालंदा)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, राजगीर के छात्र रजनीश कुमार ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर राज्यस्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।
पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम रंगभूमि ग्राउंड में आयोजित 26वीं बिहार स्टेट पारा एथलीट चैंपियनशिप 2026 में रजनीश ने 400 मीटर दौड़ को मात्र 1 मिनट 15 सेकंड में पूरा कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही 3.4 मीटर लंबी कूद लगाकर भी स्वर्ण पदक हासिल किया।
रजनीश इससे पहले भी कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुका है। उसने राज्यव्यापी दिव्यांगजन एथलीट प्रतियोगिता में 100 मीटर एवं 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं जूनियर स्टेट पारा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में शॉट पुट, 100 मीटर, 200 मीटर और डिस्क थ्रो में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया था।
आयोजकों ने उसकी प्रतिभा को देखते हुए पाटलिपुत्र खेल परिसर में विशेष प्रशिक्षण देने की घोषणा की है। वर्तमान में रजनीश केंद्रीय विद्यालय, राजगीर में कक्षा सातवीं का छात्र है। मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले रजनीश ने आर्थिक कठिनाइयों को कभी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया और अपने मनोबल के बल पर जिला एवं राज्य स्तर पर लगातार सफलता हासिल की है।
विद्यालय के प्राचार्य विवेक किशोर ने रजनीश की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि उसकी सफलता पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
