रहूई प्रखंड क्रिकेट लीग का भव्य शुभारंभ, पहले दिन रहूई और अंबा की टीम विजयी
नालंदा: नालंदा जिले के रहूई प्रखंड कार्यालय स्थित खेल मैदान में रहूई प्रखंड क्रिकेट लीग का भव्य शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह में नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सुनील कुमार, भाजपा नेता अविनाश प्रसाद सिंह एवं पार्टी प्रवक्ता भवानी सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्य अतिथि सांसद कौशलेंद्र कुमार ने फीता काटकर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया।
आयोजन समिति के अनुसार यह क्रिकेट लीग 18 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को खेल का सशक्त मंच प्रदान करना, उनकी छिपी प्रतिभा को निखारना और उन्हें नई पहचान दिलाना है। इस प्रतियोगिता में कुल 16 पंचायतों की टीमों ने हिस्सा लिया है।

टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में रहूई और अंबा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि गांवों में इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल रहा है और गरीब परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। आयोजन को सफल बनाने में प्रसिद्ध समाजसेवी अरविंद कुमार सिन्हा सहित रहूई प्रखंड के जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका रही। आयोजन समिति ने बताया कि आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे तथा फाइनल मैच का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा।
