आर.जी.एल. उच्च विद्यालय, छबीलापुर में होली मिलन समारोह आयोजित, पारंपरिक होली गीतों से गूंजा परिसर

नालंदा : आर.जी.एल. उच्च विद्यालय, छबीलापुर, बिहारशरीफ, नालंदा में बुधवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय में छुट्टी के उपरांत संपूर्ण विद्यालय परिवार ने पारंपरिक होली गीतों के माध्यम से इस रंगोत्सव को धूमधाम से मनाया।
समारोह के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों ने “कूद पड़े यमुना में लड़का है गोपाल, लड़का है गोपाल”, “राम खेलें होली, लक्ष्मण खेलें होली, लंका गढ़ में रावण खेले होली”, “त्रिवेणियां में राम नहाए, सूर्य उदय के बेरिया” जैसे पारंपरिक होली गीत गाए। इन मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उल्लास और उमंग से भर उठा। रंगों के इस पर्व में सभी शिक्षकगण संस्कृति और परंपरा को जीवंत बनाए रखने के संदेश के साथ प्रेम और भाईचारे का संकल्प लेते हुए सराबोर हो गए।

इस अवसर पर हिंदी शिक्षक अजय कुमार, धीरज कुमार, शत्रुघ्न उपाध्याय, अजय कुमार कुंज, बिहारी कुंजेश, शंकर कुमार, अशोक कुमार, जैनेंद्र कुमार, कल्पना, रेखा, शिखा कुमारी, राणा अजय, रौशन कुमार सिंह, सूरज नारायण, संजीत कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाध्यापक ओंकार देव आर्य ने की, जबकि शिशुपाल पांडे, सुशील सिंह समेत अन्य शिक्षकों ने होली गीतों के माध्यम से सभी को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं।

यह आयोजन न केवल विद्यालय परिवार के आपसी सौहार्द को प्रगाढ़ करने वाला रहा, बल्कि यह संदेश भी दिया कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और प्रेम-भाईचारे का प्रतीक है।
