प्रगति यात्रा की योजनाओं में तेजी: 87% तक पहुंचे तटबंध कार्य, कई बड़ी परियोजनाएं अंतिम चरण में
शंकर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
नालंदा: जिला पदाधिकारी नालंदा कुंदन कुमार की अध्यक्षता में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा “प्रगति यात्रा” के दौरान की गई घोषणाओं के अनुपालन एवं कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकासात्मक कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि घोषणाओं से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं तथा जहां कार्य की गति धीमी है, वहां आवश्यक मानव बल एवं संसाधन लगाकर तेजी लाई जाए।
प्रमुख योजनाओं की प्रगति
प्रगति यात्रा के क्रम में स्वीकृत पंचाने सिंचाई योजना (गिरियक प्रखंड) के पुनर्स्थापन कार्य के तहत 59 किमी नहर में से 45 किमी मिट्टी कार्य पूरा किया जा चुका है। दायां मुख्य नहर, घोसरामा एवं नानंद वितरणी में कार्य जारी है। छह एक-पथीय एवं एक द्विपथीय सेतु का निर्माण प्रगति पर है। तीन आउटलेट का निर्माण पूरा हो चुका है तथा 14.30 किमी में से 3 किमी कैनाल लाइनिंग पूर्ण है।
सरमेरा में समेकित कृषि अनुसंधान एवं कृषक समृद्धि केंद्र का 53 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। हिलसा पूर्वी बाईपास (7.07 किमी) में आरसीसी बॉक्स कल्वर्ट, माइनर ब्रिज एवं एक आरओबी का निर्माण जारी है। 47 एकड़ भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है तथा शेष प्रक्रिया प्रगति पर है।
बरगाइन पईन के जीर्णोद्धार का 10 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है। सोहसराय हॉल्ट के पास प्रस्तावित आरओबी-सह-रोटरी के निर्माण के लिए रेलवे से अद्यतन स्थिति मांगी गई है। लोकाइन नदी तटबंध पर कटाव निरोधक कार्य 87 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अधियारा नदी उड़ाही एवं आरसीसी स्लूइस निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
अस्थावां-सकसोहरा पथ चौड़ीकरण में 5 प्रतिशत भौतिक प्रगति है। ऐतवारी बाजार से उपरौरा मोड़ तक सड़क चौड़ीकरण कार्य प्रारंभ हो चुका है। धनावाडीह एवं गोपालबाद जमींदारी बांध का जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण हो चुका है।
नूरसराय क्षेत्र में पक्का नाला निर्माण एवं पोखर गाद सफाई का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। एनएच-31 एवं एनएच-82 से संबंधित सड़कों के चौड़ीकरण में विद्युत पोल शिफ्टिंग का 80 प्रतिशत कार्य पूरा है। कोसुक से सिपाह पुल तक पंचाने नदी में सुरक्षात्मक एवं रिवर फ्रंट विकास कार्य 10 प्रतिशत पूर्ण है।
बिहार-बख्तियारपुर पथ के चौड़ीकरण हेतु संवेदक से अनुबंध प्रक्रिया जारी है। एनएच-82 से राजगीर खेल अकादमी मोड़ तक चार लेन चौड़ीकरण में 10 प्रतिशत प्रगति है। 13 एचपी कल्वर्ट पूर्ण तथा दो बॉक्स कल्वर्ट निर्माणाधीन हैं।
राजगीर स्थित ब्रह्मकुंड परिसर विकास कार्य प्रगति पर है। इस्लामपुर एवं हरनौत प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का फाउंडेशन कार्य जारी है। चंडी, रहुई, गिरियक एवं अस्थावां में भवन निर्माण के लिए स्थल उपलब्धता एवं मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है।
इको-टूरिज्म विकास के तहत राजगीर वन क्षेत्र में ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण एवं उन्नयन कार्य जारी हैं। जयप्रकाश उद्यान में पार्किंग व बाउंड्री वॉल मरम्मत पूर्ण है। इंद्रसाल गुफा में पाथवे निर्माण प्रारंभ हुआ है। घोड़ा कटोरा में 250 मीटर चैनलिंक फेंसिंग पूरी की गई है। वेणुवन में लेजर लाइट एंड साउंड शो हेतु निविदा प्रक्रिया जारी है। डायनासोर पार्क स्थापना हेतु वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने एवं जनहित की योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
