जनगणना-2027 की तैयारी तेज, अपर समाहर्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा
नालंदा। जिले में जनगणना-2027 की पूर्व तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में अपर समाहर्ता राजीव रंजन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु आवश्यक तैयारियों, दायित्व निर्धारण तथा समयबद्ध कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान स्लम क्षेत्रों में निर्मित मकानों की गणना एवं सूचीकरण, सभी नगर निकायों और प्रखंडों की वर्तमान सीमाओं का सत्यापन कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, राजस्व ग्रामों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने, एफटीएस एवं कोषांग गठन, विशेष क्षेत्रों से संबंधित सूचनाओं के संकलन तथा मानचित्र सत्यापन प्रतिवेदन दो दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
अपर समाहर्ता ने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी और सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करें।
इसके अतिरिक्त सातवीं लघु सिंचाई गणना से संबंधित सूचनाओं को भी उसी दिन संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया, ताकि आंकड़ों का संकलन समय पर सुनिश्चित हो सके।
बैठक में आलोकचंद्र चौधरी, वरीय उप समाहर्ता-सह-नोडल पदाधिकारी (जनगणना-2027), सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
